न्यूज 127, हरिद्वार।
ग्राउंड जीरो पर जवानों की कसरत उस वक्त सफल हो गई जब पुलिस टीम ने अपहृत बच्ची को चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नवनीत सिंह स्वयं पूरे मामले पर नजर रखे हुए थे।
पुलिस के मुताबिक बीती रात तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से एक दो साल संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की सूचना और तहरीर के आधार पर तत्काल पुलिस ने प्रभावी धाराओ में अभियोग पंजीकृत किया और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। हरिद्वार पुलिस ने मात्र 4 घंटों के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद करने में कामयाबी हासिल की।
घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा अलग-अलग नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस, A.H.T.U. व C.I.U. हरिद्वार की 05 संयुक्त टीमें गठित करते हुए बच्चे की जल्द सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। इसके साथ ही जनपद संवेदनशील स्थान ,बॉर्डर, बस अड्ड़े व रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों को टटोलने के लिए एलर्ट जारी करते हुए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी दी गई। मैन्युअल पुलिसिंग एवं डिजिटल सबूत के माध्यम से पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद चुरायी गयी बच्ची ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास लावारिस हालत में मिली। एसएसपी ने प्रेसवार्ता में बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों को जोड़कर पुलिस टीमें अपहरणकर्ता की तलाश में जुटी हुई हैं। जल्द ही अपहर्ता का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। बच्ची को चुराने के पीछे अपहर्ता की क्या मंशा है यह भी उसकी गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा होगा। वहीं बच्ची को अपने सामने पाकर माता पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। माता पिता ने बच्ची को सकुशल बरामद करने पर हरिद्वार पुलिस का आभार जताया है।
अपहृत बच्ची चार घंटे में सकुशल बरामद, मां बाप के चेहरों पर लौटी खुशी






