Coronation District Hospital, Dehradun का डीएम ने किया औचक निरीक्षण








Listen to this article

पैथोलॉजी का समय बढ़ा, ब्लड बैंक कार्य में तेजी के निर्देश, चंदन लैब की 3 माह की रिपोर्ट तलब
देहरादून, 23 फरवरी 2026। जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जिला चिकित्सालय कोरोनेशन की व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, निर्माणाधीन ब्लड बैंक, केंद्रीय पैथोलॉजी, चंदन लैब, किचन, गायनी ओटी, ओपीडी, वेयरहाउस, इमरजेंसी वार्ड और पार्किंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय मौके पर ही लिए।
पैथोलॉजी का समय बढ़ाकर मरीजों को दी राहत
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय पैथोलॉजी के बाहर मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया। जानकारी मिली कि लैब का समय सुबह 11 बजे तक ही सीमित होने के कारण भीड़ बढ़ रही है। इस पर डीएम ने जनसुविधा को प्राथमिकता देते हुए पैथोलॉजी का समय तत्काल प्रभाव से एक घंटे बढ़ाकर अब दोपहर 12 बजे तक करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रतीक्षा कर रहे सभी मरीजों के सैंपल उसी दिन लिए जाएं।
चंदन लैब की 24×7 सेवाओं पर सवाल, आधा भुगतान रोकने के निर्देश
अस्पताल में अनुबंधित चंदन लैब का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने 24 घंटे सेवाएं संचालित होने के दावे की जांच की। रात्रि में लिए गए सैंपलों का विवरण मांगे जाने पर लैब प्रभारी संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इस पर डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर और मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि पिछले तीन माह के दिन और रात के सैंपलों की विस्तृत जांच कर संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही अनुबंध की शर्तों का पालन न पाए जाने की स्थिति में लैब का आधा भुगतान रोकने के निर्देश भी दिए गए।
निर्माणाधीन ब्लड बैंक का कार्य 15 मार्च तक पूरा करने के निर्देश
निर्माणाधीन ब्लड बैंक का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को 15 मार्च 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लड बैंक के कार्यों का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराने के साथ ही चिकित्सक, स्टाफ और उपकरणों की व्यवस्था जिला स्तर से ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं पहले ही शुरू कर दी गई हैं।
किचन, गायनी ओटी, वेयरहाउस और ओपीडी मरम्मत के लिए 10 लाख स्वीकृत
अस्पताल की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी ने किचन, गायनी ऑपरेशन थिएटर, वेयरहाउस और ओपीडी की मरम्मत हेतु 10 लाख रुपये की धनराशि मौके पर ही स्वीकृत की। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र कार्य प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गायनी चिकित्सक की कमी पर संयुक्त रिपोर्ट तलब

निरीक्षण के दौरान यह शिकायत भी सामने आई कि गायनी चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। इस गंभीर विषय पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर और मुख्य चिकित्साधिकारी को संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बाल वार्ड में बच्चों के लिए लाईब्रेरी के साथ ड्राइंग और कलर की सुविधा
बाल चिकित्सा वार्ड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने और उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाईब्रेरी के साथ ड्राइंग और कलर की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों के हाथ में मोबाइल देने के बजाय उन्हें रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें।
हिलांस कैंटीन और ऑटोमेटेड पार्किंग व्यवस्था की सराहना
अस्पताल परिसर में संचालित एसएचजीएस हिलांस कैंटीन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। प्रतिदिन लगभग 500 लोगों की क्षमता से संचालित कैंटीन से मरीजों और तीमारदारों ने संतोष व्यक्त किया। इसके अलावा ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग व्यवस्था भी पूर्ण क्षमता के साथ संचालित पाई गई, जिससे मरीजों और आमजन को काफी राहत मिल रही है।
जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और दवा आपूर्ति से संबंधित कंपनियों के साथ हुए अनुबंधों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अक्षम्य बताते हुए नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में अस्पताल की सूरत बदलने का प्रयास
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में कोरोनेशन अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक मन्नू जैन, समाजसेवी मनमोहन खत्री सहित अन्य चिकित्सक और संबंधित अधिकारी उपस्थित