न्यूज 127.
बोर्ड परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर दूसरे परीक्षा दे रहे थे। यह मामला हरिद्वार में सामने आया है। बताया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थी की जगह पेपर देने के लिए अन्य युवक पहुंचे थे। शक के आधार पर जब पूछताछ की गई तो यह मामला सामने आया। यह पूरा मामला इंटर कॉलेज सलेमपुर का बताया गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।
बोर्ड परीक्षा में यह बड़ा फर्जीवाड़ा हाईस्कूल हिंदी के पेपर में सामने आया है। आरोपी हरिद्वार के राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर केंद्र पर एडमिट कार्ड में फोटो बदलकर दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा देने पहुंचे थे। कक्ष निरीक्षक को शक हुआ तो उनके एडमिट कार्ड की गहनता से जांच की गई, जिसमें एक दो नहीं चार छात्र और चार छात्राएं बेनकाब हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर इन्होंने स्वीकारा कि वे किसी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने आए हैं। जिसके बाद यह सूचना उच्चधिकारियों और पुलिस को दी गई। सभी परीक्षार्थी प्राइवेट श्रेणी के हैं। सभी संदिग्धों की उत्तर पुस्तिकाएं जब्त कर सील कर गोपनीय अनुभाग को भेजी गईं हैं। पुलिस ने फर्जीवाड़े के नेटवर्क की जांच शुरू करते हुए स्कूल और बाहरी कनेक्शन खंगालने शुरू कर दिये हैं।
पुलिस के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में सावित्री शिक्षा सदन रावली महदूद के छात्र-छात्राओं का परीक्षा केंद्र है। बताया जा रहा है कि इस केंद्र पर हिंदी परीक्षा के पेपर में 13 परीक्षार्थी सम्मिलित होने थे, जिनमें से 10 उपस्थित हुए और तीन अनुपस्थित थे। इस मामले में कोतवाली रानीपुर प्रभारी आशुतोष राणा का कहना है, एक परीक्षार्थी मौके से फरार हो गया था, फिलहाल सात को प्रारंभिक जांच में धारा 41 सीआरपीसी का नोटिस देकर उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन प्रधानाचार्य की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में स्कूल की भूमिका भी जांची जाएगी। सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया पूछताछ में दो संदिग्धों के नाम प्रकाश में आए हैं, इनसें पूछताछ के बाद पूरा खुलासा हो सकेगा।






