हरिद्वार।
नगर निगम हरिद्वार के वार्ड संख्या 58, राजा गार्डन के पार्षद एडवोकेट सुमित त्यागी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर क्षेत्रवासियों को स्वच्छता का विशेष उपहार दिया। पार्षद ने वार्ड में डोर-टू-डोर घरेलू कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दो नई कचरा संग्रहण गाड़ियां उपलब्ध कराई हैं।
इस पहल के तहत अब वार्ड के प्रत्येक घर, किरायेदारों और दुकानों से नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा उठाया जाएगा। इससे क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी होने की उम्मीद है।
पार्षद एडवोकेट सुमित त्यागी ने बताया कि स्वच्छता को लेकर वार्ड में लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की स्वच्छता नीति के अंतर्गत न्यूनतम यूजर चार्ज लागू किया जाएगा, ताकि सेवा का संचालन नियमित और व्यवस्थित रूप से किया जा सके।
जनता से की विशेष अपील
पार्षद ने वार्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक अपना कचरा केवल कचरा संग्रहण गाड़ी में ही डालें। सार्वजनिक स्थानों, खाली प्लॉटों या सड़कों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ जुर्माना एवं विधिक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वार्ड और स्वच्छ हरिद्वार बनाने में जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। यदि सभी नागरिक सहयोग करेंगे तो वार्ड 58 को स्वच्छता के मामले में एक आदर्श वार्ड बनाया जा सकता है।
क्षेत्रवासियों ने भी पार्षद की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया और स्वच्छता अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
पार्षद सुमित त्यागी ने जन्मदिन पर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए दो नई गाड़ियों का तोहफा




