न्यूज 127. हरिद्वार।
चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई हुई है। मंगलवार को प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में सीसीआर टावर के पास अवैध रूप से कब्जे कर बनायी गई दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामान भी जब्त किया गया।

हर की पैड़ी के पास सीसीआर भवन के सामने प्रशासन का पीला पंजा चला, अवैध कब्जों पर सख्ती से कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज हुआ है। मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की मुहिम तेज की। डीएम मयूर दीक्षित के निर्देशन में चल रही सख्त कार्रवाई के चलते अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मचा है।

सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान ने कहा यात्रा से पहले शहर को व्यवस्थित करना प्राथमिकता है। चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान जारी है। आगे भी लगातार चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान। प्रशासन ने साफ किया अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बतादें इससे पूर्व भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाए गए लेकिन कुछ दिन बाद फिर से अवैध कब्जे हो गए।




