हरिद्वार
हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण ने जनपद हरिद्वार में अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। लगातार मिल रही शिकायतों और स्थल निरीक्षण के बाद प्राधिकरण टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ-साथ एक निर्माण को सील भी किया।
जानकारी के अनुसार रुड़की क्षेत्र के सालियर माधोपुर रोड स्थित त्यागी डेरी के सामने तथा जनता सीमेंट स्टोर के समीप नोमान द्वारा लगभग 20 से 25 बीघा भूमि पर बिना अनुमति के प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। इसके अतिरिक्त ढंडेरा क्षेत्र में पानी की टंकी के पास जितेन्द्र राणा व अन्य द्वारा लगभग 5 से 6 बीघा भूमि पर तथा ढंडेरी ख्वाजगीपुर गांव में नव-निर्मित शिव मंदिर के पीछे लगभग 4 से 5 बीघा भूमि पर भी अनधिकृत प्लॉटिंग का कार्य जारी था।
प्राधिकरण द्वारा इन सभी मामलों में संबंधित अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत वाद योजित करते हुए कई बार निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद भी निर्माण कार्य जारी रहने पर शाखा कार्यालय रुड़की की टीम ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल भी तैनात रहा।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए, अन्यथा भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर, ज्वालापुर हरिद्वार क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास चंदवानी फर्नीचर के समीप श्रीमती मेघा अरोड़ा द्वारा लगभग 25×50 वर्गफुट क्षेत्रफल में किए जा रहे अनधिकृत व्यवसायिक निर्माण को भी प्राधिकरण टीम ने पुलिस की उपस्थिति में सील कर दिया। टीम ने मौके पर स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण कार्य आगे न बढ़ाया जाए।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। एचआरडीए सचिव मनीष सिंह ने बताया कि जनपद में कहीं भी अवैध प्लॉटिंग या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में निरंतर अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एचआरडीए की अवैध प्लॉटिंग व निर्माण जेसीबी से ध्वस्तीकरण व सीलिंग की कार्रवाई




