न्यूज 127. अल्मोड़ा।
सर्तकता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने विकास खंड लमगड़ा के ब्लॉक कार्यालय में तैनात एक अकाउंटेंट को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शौचालय निर्माण कार्य का टेंडर स्वीकृत करने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा था। इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हड़कंप मचा है।
जानकारी के अनुसार पूरा मामला शौचालय निर्माण के टेंडर से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि एक शिकायतकर्ता का 3 लाख रुपये का शौचालय निर्माण कार्य का टेंडर स्वीकृत हुआ था। काम पूरा होने के बाद विभाग में जमा उसकी एफडीआर को रिलीज कराने के लिए अकाउंटेंट हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट लगातार पैसों की डिमांड कर रहा था। आरोपी ने बिना रिश्वत दिए फाइल को आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया था। भ्रष्टाचार से परेशान होकर पीड़ित ने सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में अपनी गुहार लगाई। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद सतर्कता टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, बुधवार 08 अप्रैल 2026 को जैसे ही आरोपी अकाउंटेंट ने ब्लॉक कार्यालय में शिकायतकर्ता से घूस की रकम के रूप में 15,000 रुपये थामे, पहले से घात लगाकर बैठी सतर्कता टीम ने उसे दबोच लिया। टीम ने मौके पर ही रिश्वत की राशि बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर सिंह बिष्ट पुत्र बहादुर सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। वह वर्तमान में लमगड़ा ब्लॉक में लेखाकार के पद पर कार्यरत था और मूल रूप से अल्मोड़ा के चीनाखान क्षेत्र का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम की सराहना करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी भ्रष्टाचार से संबंधित कोई मामला सामने आता है, तो सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर सूचना देकर इस अभियान में सहयोग करें। सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई से सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है और आम लोगों में न्याय की उम्मीद और मजबूत हुई है।
शौचालय के टेंडर में 15 हजार की रिश्वत लेते अकाउंटेंट गिरफ्तार




