पथरेश्वर महादेव मंदिर के पास दो साधुओं की हत्या, मिट्टी में दबे मिले शव








Listen to this article

न्यूज 127. हरिद्वार।
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आयी है। यहां स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समीप दो साधुओं के सोमवार देर रात शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों शव जंगल क्षेत्र में मिट्टी के नीचे दबे मिले, जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों की सूचना पर पथरी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी देहात शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मंदिर से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हुई है। पुलिस की जांच के दायरे में मंदिर के मुख्य पुजारी सहित कुछ अन्य लोग भी हैं।

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष एवं गहन जांच की जा रही है। पुलिस की कई टीमें संभावित संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक रिपोर्ट तथा अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की और जांच में सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं दोहरे शव मिलने की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।