न्यूज 127, मेरठ।
एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर ने एसपी बागपत और पुलिस बल के साथ आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत बागपत के थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत मवी कला चौकी के दिल्ली-देहरादून हाईवे एवं पेरिफेरल हाईवे कट का निरीक्षण किया। इस दौरान सघन चेकिंग करारकर संबंधित पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
आगामी पावन श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी कड़ी में मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) भानु भास्कर ने बागपत जिले का तूफानी दौरा किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) बागपत और भारी पुलिस बल के साथ मिलकर कांवड़ मार्ग की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
एडीजी भानु भास्कर ने कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मवी कला चौकी का रुख किया। यहाँ उन्होंने दिल्ली-देहरादून हाईवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) कट पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों को देखा। इस दौरान पुलिस टीम ने हाईवे से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग (Checking) की।
एडीजी ने खुद सुरक्षा ग्रिड और बैरिकेडिंग की स्थिति को परखा ताकि यात्रा के दौरान शिवभक्तों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के बाद एडीजी मेरठ ने मौके पर मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए। हाईवे के कटों और संवेदनशील पॉइंट पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय प्रशासन को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने को कहा। उन्होंने साफ किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




