न्यूज 127, कोटद्वार
कृष्ण वेडिंग प्वाइंट, कुम्भीचौड़ में स्माईलो हरितालिका तीज महोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तीज कमेटी और क्षेत्रीय महिला मंगल दल की ओर से स्वागत गीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
महोत्सव में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों के माध्यम से गोरखाली समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली। मुख्य अतिथि ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि गोरखाली समाज का देश की सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भारतीय सेना की गोरखा रेजिमेंट अपने अदम्य साहस, वीरता और पराक्रम के लिए देश-दुनिया में विख्यात है। उन्होंने गोरखा वीरों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखना और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत आत्माओं की शांति और प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में नगर निगम कोटद्वार के महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत, तीज कमेटी अध्यक्ष रीना थापा, सचिव पूजा क्षेत्री, कोषाध्यक्ष प्रभा गुरंग, सदस्य दिव्या गुसाईं व गीता भंडारी समेत बड़ी संख्या में गोरखाली समाज की महिलाएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।








