न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी तंत्र को बेहद सख्त कर दिया है। इसी कड़ी में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देशों के तहत, अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने बीती मध्य रात्रि विभिन्न प्रमुख निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
अपर मेलाधिकारी ने खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल और भूपतवाला से जटवाड़ा पुल तक पुरानी दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न घाटों पर प्रगतिरत विकास कार्यों की स्थिति का भी बारीकी से मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सुरक्षा मानकों के साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
मेला प्रशासन केवल स्थलीय निरीक्षण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीकों का भी पूरा उपयोग कर रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (रोशनाबाद) में स्थापित कंट्रोल रूम और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए मेला क्षेत्र के सभी निर्माण कार्यों की दैनिक प्रगति पर पैनी नजर रखी जा रही है। शिफ्टवार रिपोर्ट और ऑनलाइन मॉनिटरिंग के आधार पर कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए मेलाधिकारी ने सभी निर्माण स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य किया है। इन बोर्डों पर कार्य का नाम, लागत, प्रारंभ व पूर्ण होने की तिथि और अधिकारियों के फोन नंबर दर्ज होने चाहिए। मेला प्रशासन की इन सख्त और त्वरित पहलों से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी आधारभूत परियोजनाएं समय पर पूरी हों, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें।


