न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक से मंशा देवी मार्ग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाना, यातायात सुचारु रखना और कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है। सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को निर्धारित पीली पट्टी के भीतर ही अपना सामान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीली पट्टी के बाहर फड़, ठेली या अन्य सामान रखने पर उसे जब्त किया जा सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों और ठेली संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा सड़क पर आवागमन बाधित नहीं करने की अपील की।
लगातार जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कुंभ मेले से पहले प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


