मसूरी और लंढौर में आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता
news 127, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के विषय पर चर्चा हुई।
अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण के बीच बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखंड की पहचान फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में लगातार मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माताओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से शूटिंग की अनुमति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है। फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल, परिवहन और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


