न्यूज 127, बनबसा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, सकारात्मकता और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ते हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सम्मान उनके परिश्रम और समर्पण को प्रोत्साहित करता है। राज्य सरकार चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। ‘आदर्श चम्पावत’ का लक्ष्य हासिल करना आदर्श उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महिला खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में लगभग 256.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। इससे खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जाएगा। इससे गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। वहीं, टनकपुर में लगभग 237.74 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल परिवहन और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से संबंधित विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगे। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कैप्टन करम चंद स्टेडियम में भी होंगे निर्माण कार्य
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
वन एवं पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम में भारत सरकार के उपक्रम एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों, युवाओं और क्षेत्रवासियों से खेल, स्वास्थ्य और अनुशासन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जा सकता है और चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, नगर पालिका परिषद बनबसा की अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार और एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, समूहों की महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


