न्यूज 127, सहारनपुर, (जोजो):
नागल थाना क्षेत्र के बेलड़ा गोल चक्कर के पास दिन निकलने से पहले एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें आगरा से मसूरी घूमने जा रहे तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल ने बताई आंखों देखी बात
जानकारी के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान साहिल, राहुल और सक्षम के रूप में हुई है, जबकि सचिन वर्मा और हेमंत वर्मा घायल हो गए हैं। घायल सचिन वर्मा ने बताया कि वे सभी पाँच लोग रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच आगरा से मसूरी के लिए निकले थे। दुर्घटना के समय सचिन सो रहे थे और गाड़ी हेमंत चला रहा था। अचानक हुए इस हादसे के बाद जब उनकी आँख खुली, तो वे खुद को सड़क पर पड़ा हुआ और थार कार को पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पाया।
पुलिस प्रशासन ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नागल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत सहारनपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। नागल थाना प्रभारी ने भी अस्पताल पहुँचकर घायलों का हाल-चाल जाना। इस दर्दनाक हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


