कुंभ-2027: हरिद्वार में 21 अक्टूबर से चलेगा महा स्वच्छता अभियान, नो​डल अधिकारी नामित




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
आगामी कुंभ मेला-2027 को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार जनपद में 21 अक्टूबर से 7 नवंबर तक 18 दिनों का वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में होने वाले इस अभियान के तहत नगरीय-ग्रामीण क्षेत्रों, गंगा घाटों, धार्मिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक परिसरों की सफाई पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 35 क्षेत्रों और संस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नामित किए हैं। नगर निगम हरिद्वार-रुड़की, जिला पंचायत, शिक्षा विभाग, वन विभाग, रेलवे, सिडकुल, बीएचईएल और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही, मनसा देवी और चंडी देवी रोपवे, होटल, आश्रम, बस अड्डों और राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास भी विशेष सफाई होगी।

प्रशासन ने इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, संत समाज, व्यापारिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला मंगल दलों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की है। पारदर्शिता और नियमित मॉनिटरिंग के लिए सभी नोडल अधिकारियों को जीपीएस लोकेशन के साथ प्रतिदिन की रिपोर्ट देने और सफाई से पहले तथा बाद की तस्वीरें स्वच्छता कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर (8273371714) पर साझा करना अनिवार्य किया गया है।

इससे पहले विजयदशमी के अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया था। प्रशासन ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।