कांग्रेस नेता वरुण बालियान का नया वीडियो आया सामने, मुकदमे पर उठे सवाल




Listen to this article
  • दुकान के बाहर खड़े होकर समझाते दिखायी दे रहे वरुण बालियान

न्यूज 127, हरिद्वार।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता वरुण बालियान सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के मामले में कांग्रेस आईटी सेल के पदाधिकारी अंकित चौधरी ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जवाब में बातचीत के दौरान हुए घटनाक्रम से संबंधित वीडियो की गहनता से जांच होनी चाहिए। उनके मुताबिक, वीडियो में मारपीट स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही है, ऐसे में मुकदमा दर्ज किए जाने के आधार की निष्पक्ष पड़ताल जरूरी है।

वहीं दूसरी ओर घटना वाले दिन का एक नया वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वरूण बालियान अपने समर्थकों के साथ दुकान के बाहर ही खड़े होकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दुकानदार ने बाहर आकर वरुण बालियान को अपनी दुकान के अदंर बुलाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं गए। वरुण बालियान दुकान के बाहर ही खड़े होकर कहते दिखायी दे रहे हैं कि जिस तरह से उन्हें सोशल मीडिया पर गाली दी गई वह ठीक नहीं है। सब परिवार वाले हैं। इस तरह गाली गलौच से परिवार के लोगों पर भी बुरा असर पड़ता है। वरुण बालियान कहते दिखायी दे रहे हैं कि किसी राजनीतिक बात या विचार धारा का विरोध करने का सबको अधिकार है। लेकिन यह विरोध सभ्य भाषा के दायरे में होना चाहिए। ना कि किसी को मां बहन की गाली देकर।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कांग्रेस नेता वरुण बालियान उस दुकानदार को समझाते नजर आ रहे हैं जिसने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कांग्रेस आईटी सेल के पदाधिकारी अंकित चौधरी ने कहा कि वरुण बालियान सरल व्यक्तित्व के लोकप्रिय नेता हैं और समाज में उनकी ईमानदार छवि रही है। उन्होंने कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम किया है। ऐसे में उनके सहित छह लोगों के खिलाफ दर्ज मुकदमे के मामले में सभी तथ्यों और परिस्थितियों की निष्पक्षता से जांच की जानी चाहिए।

अंकित चौधरी का कहना है कि वरुण बालियान और उनके समर्थक संबंधित व्यक्ति को समझाने के लिए दुकान के बाहर गए थे। उनका दावा है कि सभी लोग दुकान के बाहर ही खड़े रहे और वरुण बालियान तथा उनके समर्थकों ने दुकान के अंदर जाने से इनकार किया था। आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें दुकानदार ने जबरन दुकान के अंदर बुलाया। अंकित चौधरी ने कहा कि सामने आए वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जानी चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

उन्होंने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन किसी भी विवाद में कानून के तहत निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि किसी के साथ अन्याय न हो। अंकित चौधरी ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी के विरुद्ध कार्रवाई कराने की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक करने की है।