किराए के कमरे में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, मुख्य संचालिका समेत 4 गिरफ्तार




Listen to this article

news 127, देहरादून।
एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के क्रम में दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेलनगर क्षेत्र में एक किराए के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार (सेक्स रैकेट) का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से देह व्यापार का धंधा चला रही मुख्य संचालिका समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री और 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

कोतवाली पटेलनगर पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि क्षेत्र की संस्कृति लोक कॉलोनी में किराए के एक कमरे में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने संस्कृति लोक कॉलोनी, लेन नंबर-01 स्थित उक्त मकान में औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक कमरे से एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे से दो अन्य युवतियां भी मौजूद मिलीं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य अभियुक्ता इस धंधे की सरगना है। वह संस्कृति लोक कॉलोनी में कमरा किराए पर लेकर बाहर के जनपदों और राज्यों से महिलाओं व युवतियों को देहरादून बुलाती थी। अभियुक्ता व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें युवतियों की फोटो भेजती थी और ग्राहकों की मांग व पसंद के अनुसार उन्हें किराए के कमरे पर उपलब्ध कराकर अनैतिक देह व्यापार का संचालन करती थी।

पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कोतवाल नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, चौकी प्रभारी आईएसबीटी जयवीर सिंह और महिला उपनिरीक्षक शिखा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह के अवैध धंधों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।