न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने एंटी-रोमियो और हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के क्रम में सिडकुल थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों, होटलों और ढाबों के बाहर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कुल 70 लोगों को गिरफ्तार किया है।
हाल ही में सिडकुल क्षेत्र स्थित औद्योगिक इकाइयों से छुट्टी के समय घर लौट रही महिला कामगारों पर नशेड़ियों द्वारा फब्तियां कसने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष सिडकुल अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, शराब के ठेकों के आसपास और सड़क किनारे बैठकर शराब पीने व हंगामा करने वाले 70 व्यक्तियों को दबोचा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उनसे कुल 17,500 रुपये का संयोजन शुल्क (जुर्माना) वसूला।
साथ ही, सभी को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि किसी ने भी सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने या हुड़दंग करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर महिलाओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


