संजीव शर्मा
कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने का पता चलते ही संक्रमित मरीज अस्पताल से फरार हो गया। इस घटना के सामने आने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है।
रविवार को राजेंद्र नगर सेक्टर नौ स्थित सीएचसी पर एक व्यक्ति अपना कोरोना सैंपल जांच कराने के लिए पहुंचा था। इस व्यक्ति ने अपना नाम अशोक और निवासी कालियागढ़ी का बताया। जांच में उसके सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। कोरोना जांच पॉजिटिव आने का पता चलते ही यह मरीज अस्पताल से फरार हो गया। उसका मोबाइल नंबर भी फर्जी मिला। जो पता बताया था वहां स्वास्थ्य कर्मी गए जांच में वह भी फर्जी निकला। संक्रमित मरीज के फरार होने की जानकारी सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। आरोपी के खिलाफ थाना नौचंदी में तहरीर दी गई है। बतादें इससे पहले इसी तरह एक मरीज सीएचसी दौराला से फरार हुआ था। रविवार को 1937 सैंपल टेस्ट हुए जिनमें 54 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। इस समय 426 कोरोना एक्टिव केस हैं, इनमें से 62 होम आइसोलेशन में है। रविवार को एक महिला मरीज की इलाज के दौरान मौत हुई, यह महिला माधवपुरम की रहने वाली थी।