हकीकत से आंखें चुरा रही है कांग्रेस, प्रदर्शन जनता का ध्यान बांटने की कोशिश: मदन कौशिक




Listen to this article

नवीन चौहान
देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के पेट्रोल डीजल की कीमतों में वृद्धि पर धरना प्रदर्शन जान बूझकर हकीकत से आंख चुराने जैसा बताया। मदन कौशिक ने कहा कि अंतराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत में तेजी का असर भारत के घरेलू बाजार पर स्पष्ट तौर पर पड़ा। यह तथ्य किसी से छिपा नहीं है कि भारत अपनी जरूरत का 80 प्रतिशत तेल आयात करता है। इसका असर कुछ समय जरूर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, लेकिन कांग्रेस इस पर शोर मचाने के बजाये उसके शासित प्रदेशों में वैट की दर घटाकर जनता को राहत देने का कहीं भी कोई उदाहरण सामने नहीं आया।
कांग्रेस शासित महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ और पंजाब जैसे राज्यों में तेल पर वैट अधिक है जो देश में सर्वाधिक है। राजस्थान में 38 प्रतिशत तेल पर वैट लगाया गया है तो महाराष्ट्र में 42 प्रतिशत तक वैट चार्ज किया जा रहा है। वहीं पंजाब में 36 प्रतिशत वैट तेल पर लगाया जा रहा है। दूसरी ओर भाजपा शासित कई प्रदेशों में सरकार ने वैट में कमी कर लोगों को राहत दी है। उदाहरण के तौर पर उत्तराखंड में पेट्रोल और डीज़ल पर वैट 27.15 है तो यूपी में यह 26.90 है। पेट्रोल पम्प में धरना प्रदर्शन करने वाले नेताओंं की ओर से भी कभी ऐसा कोई प्रस्ताव हाई कमान को नहीं गया कि वैट घटाकर जनता को राहत दी जाए।
कोरोना काल में सेवा कार्यों के बजाय कांग्रेस इसे अवसर के तौर पर देख रही है। विपक्षी कांग्रेस पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है, लेकिन उसे जनता की समस्या को लेकर कोई लेना देना नहीं है। वह अपने शासित प्रदेशों में लोगों को वैट घटाकर राहत दे सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में देश भर में अन्तर्कलह और गुटबाजी को लेकर तमाम तरह की सुर्खियां हैं और कांग्रेस चुनाव को देखते हुए लोगों का ध्यान भटकाने और माहौल बनाने के लिए इस तरह के दुष्प्रचार कर रही है। जनता तो कांग्रेस की हकीकत को समझती ही है, लेकिन प्रदेश में उसके नेताओंं को चाहिये कि वह अपने दल के नेताओंं को भी मार्गदर्शन दे कि कैसे जनता को राहत दी जाए।