नवीन चौहान.
राजधानी लखनऊ में योगी के शपथ ग्रहण से पहले एक लाख के कुख्यात बदमाश को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मारा गया बदमाश अलीगंज ज्वैलर्स लूट कांड में फ़रार चल रहा था। बदमाशों ने लूट के दौरान गोली मारकर एक कर्मचारी की हत्या भी कर दी थी।
गुरुवार रात बदमाश के अलीगंज में आने की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर टीमें चेकिंग कर रहीं थीं। हसनगंज बंधा रोड के पास पहुंचने पर संदिग्ध व्यक्ति नजर आया था। जिसका हुलिया राहुल सिंह से मिल रहा था।
इस पर सिपाहियों ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया था। लेकिन बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की थी। जिसमें गोली लगने से राहुल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर के मुताबिक मौके से पुलिस ने अवैध असलहा बरामद किया है।