नवीन चौहान.
यूपी के मुजफ्फरनगर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां एक महिला के साथ उसके पति के सामने ही गैंग रेप किया गया। मामला सामने आने से हड़कंप मच गया, पुलिस ने इस मामले में दो किशोर समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि महिला अपने मायके से पति के साथ वापस अपने घर लौट रही थी। यह घटना नई मंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात की बतायी जा रही है। यहां दावत से लौट रहे युवकों ने इस शर्मनाक करतूत को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने पति पत्नी को सड़क से सटे बाग में खींच कर पति को पेड़ से बांध दिया और उसकी पत्नी के साथ गैंग रेप किया। पीड़ित दंपत्ति ने बाद में पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आयी।
इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार चार आरोपियों ने गैंगरेप किया था, जबकि बाकी वहां खड़े रहे।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी दंपति को धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने देर रात दबिश देकर सभी दस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।