मेरठ। करवा चौथ पर जहां पूरे देश में पत्नी अपने पति की लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत रख रही हैं वहीं मेरठ में करवा चौथ से पहले एक महिला अपने पति को छोड़कर पति के जीजा यानि अपने ननदोई के साथ घर छोड़कर फरार हो गई। अब पति पुलिस अधिकारियों के यहां चक्कर लगाकर अपने पत्नी को वापस लाने की गुहार लगा रहा है।
मामला जानीखुर्द थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के अनुसार पति तीन दिन पूर्व अपनी पत्नी के साथ करवा चौथ की शॉपिंग करने के लिये मेरठ आया था। वापसी में पत्नी उससे झांसा देकर उसके डेढ़ साल के बच्चे के साथ फरार हो गई। काफी तलाश के बाद पता चला कि उसकी पत्नी किसी और के साथ नहीं उसके जीजा के साथ फरार हुई है। दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेमप्रसंग चल रहा था, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
अपनी पत्नी की बेवफाई से परेशान पति जानी थाना पुलिस की शरण में पहुंचा और पत्नी को वापस लाने की गुहार लगायी, लेकिन पति का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। पति का कहना है कि वह पत्नी की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए करवाचौथ पर खुद भी व्रत रखता था। उसकी पत्नी उसे इस तरह धोखा देगी उसे बिलकुल अंदाजा नहीं थां
पीड़ित पति की जब थाना पुलिस ने नहीं सुनी तो वह बुधवार को एसपी देहात से मिला। एसपी देहात ने जानी थाना पुलिस को फरार पत्नी को बरामद करने के आदेश दिये हैं। जानी थानाध्यक्ष प्रजंत त्यागी का कहना है कि पुलिस फरार महिला और उसके बेटे को बरामद करने का प्रयास कर रही है। जल्द ही दोनों की सकुशल बरामदगी कर ली जाएगी।