नवीन चौहान
हरिद्वार। मेरे खून का एक-एक कतरा भारत की एकता और अखंडता को अक्षूण्य रखेगा। इस बुलंद आवाज से देश के युवाओं में जोश भरने वाली आयरन लेडी के नाम से विख्यात रही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जन्म शताब्दी हरिद्वार में कांग्रेसियों ने पूरे उत्साह के साथ मनाई। उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने हरिद्वार पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं को एकजुट होकर इंदिरा के सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया और उनके दिनों की यादें ताजा की। उन्होंने कांग्रेसियों का स्मरण कराया कि हार के बाद भी जीत होती है। इसीलिये सभी को पार्टी की नीतियों को जनता के बीच में लेकर जाना है।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह रविवार को कनखल कृष्णानगर स्थित कांग्रेस कार्यकर्ता के ऑफिस पहुंचे। प्रीतम सिंह को देखते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रीतम सिंह जिंदाबाद के नारे लगाकर उनका उत्साहवर्द्धन करना शुरू कर दिया। प्रीतम सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को नारे लगाने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म दिवस है और 100वीं जयन्ती हैं। उन्होंने भारत की एकता और अखंण्ता को अक्षूण्य रखने के लिये अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया था। भारत को प्रगति के पथ पर अग्रसरित किया। कांग्रेस कई बार चुनावों में हार गई। कई विपरीत परिस्थितियां रही। इंदिरा गांधी ने इन तमाम चुनौतियों को पार पाकर कांग्रेस को मजबूत किया। कांग्रेस को सत्ता पर पहुंचाया और देश में विकास की गंगा बहाई। कांग्रेसियों को एक बार फिर नई उर्जा के साथ खड़ा होना है। निकाय चुनाव हो या लोकसभा चुनाव कांग्रेस को जीत दर्ज करनी है। उसके बाद प्रीतम सिंह को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान, कांग्रेस नेत्री वंदना गुप्ता, नेहा सक्सेना, ग्रेस कश्यप और निशा शर्मा ने भी फूल मालायें पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान प्रीतम सिंह ने महिला नेत्रियों को कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने का आवाहन किया।