खाकी के जवान एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दिखा रहे दमखम




Listen to this article

नवीन चौहान,

हरिद्वार। 16 वीं प्रादेशिक जनपदीय पुलिस व पीएसी वाहिनी की एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज 40वीं वाहिनी पीएसी परिसर में हो गया है। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ सेनानायक 40वीं वाहिनी रोशन लाल शर्मा, डिप्टी कमांडेंट प्रमेंद्र डोभाल, शिविरपाल नरेंद्र सिंह भण्डारी ने मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। प्रतियोगिता में लगभग 390 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

16वीं एथलेटिक्स प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि अन्य सेवाओं की तुलना में पुलिस एवं सुरक्षा सेवा में आने वाले कार्मिकों को शारीरिक रूप से स्वस्थ खेल से जुड़े रहने के लिए अवसर ज्यादा मिलते हैं। जिस प्रकार व्यायाम हर एक व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है ठीक उसी प्रकार खेल भी व्यक्ति के जीवन का एक अहम अंग है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ ही मानसिक सुदृढ़ता भी प्राप्त होती है। इस प्रकार की खेल प्रतियोगितायें स्वस्थ तन और वातावरण का निर्माण करती हैं। मदन कौशिक ने वाहिनी के अराजपत्रित श्रेणी के अधिकारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण किये जाने की घोषणा की।