नवीन चौहान, हरिद्वार। स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिये स्कूली बच्चों की जूनियर यातायात फोर्स का गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के कक्षा 11वीं के 15 बच्चों को यातायात पुलिस ने चयन कर जूनियर यातायात फोर्स का हिस्सा बनाया है। जूनियर फोर्स के ये बच्चे अपने साथियों को यातायात नियमो के प्रति जागरूक करेंगे तथा वाहन चलाने के दौरान सावधानी रखने के लिये भी सचेत करेंगे।
स्कूली बच्चे तेज रफ्तार वाहन चलाकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे है। स्कूली बच्चो को यातायात नियमों की कोई जानकारी नहीं होती है। सड़क पर वाहन चलाने के दौरान अचानक कट लेना और स्टंट दिखाने में बच्चे अपनी शान समझते है। इसी कारण बच्चे दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल हो जाते है। बच्चों की इन दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने अनूठी पहल की है। उन्होंने यातायात पुलिस को तमाम स्कूलों में अभियान चलाकर बच्चों की जूनियर यातायात फोर्स को गठन करने के निर्देश दिये है। इसी निर्देशों के अनुपालन में यातायात निरीक्षक रविकांत सेमवाल ने डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर में स्कूली बच्चो को यातायात नियमो के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी तथा यातायात संबंधी कई सवाल पूछे। जिसके बाद यातायात नियमों की जानकारी रखने वाले 15 बच्चों की एक फोर्स का गठन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य पीसी पुरोहित ने भी बच्चों को यातायात नियमों के प्रति सावधानी रखने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम संयोजक मनोज कपिल ने यातायात पुलिस का आभार व्यक्त किया।