नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्टरी का भंड़ाफोड़, मालिक की तलाश में जुटी पुलिस










Listen to this article

न्यूज 127. मेरठ।
जनपद मेरठ में हस्तिनापुर कस्बे से करीब आठ किलोमीटर दूर दूधली गांव में नकली सिगरेट बनाने की फैक्टरी का खुलासा हुआ है। यहां पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़े ब्रांड की नकली सिगरेट बरामद की हैं जिनकी कीमत करोड़ों रुपये में बतायी जा रही है। यह अवैध फैक्टरी दिल्ली निवासी रवि की बताई जा रही है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे पुलिस ने दूधली गांव में ग्राम पंचायत की सरकारी गौशाला के पास स्थित एक भवन में छापा मारा। सिगरेट बनाने वाली कंपनी के मैनेजर की सूचना पर पुलिस ने कंपनी के मैनेजर को साथ लेकर यह कार्रवाई की। फैक्टरी के अंदर बड़ी मात्रा में तैयार और अधबनी सिगरेट के साथ ही सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और पैकिंग सामग्री बरामद हुई। रात के समय पुलिस को मौके पर चार कर्मचारी मिले।

सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि बरामद माल की वास्तविक कीमत का आकलन जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा। साथ ही भवन के संचालन और नकली सिगरेट के निर्माण से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के मुताबिक शुरूआती जांच में यह फैक्टरी दिल्ली निवासी रवि की बतायी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।