न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों के कल्याण और सम्मान से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में आयोजित बैठक में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत विभिन्न प्रकरणों पर विचार किया गया। समिति ने चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की है।
बैठक में गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए भी पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता की संस्तुति की गई। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत चार वरिष्ठ पत्रकारों को आठ-आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की संस्तुति की गई।
पत्रकारों और उनके परिजनों को सहायता देने पर जोर
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में ये अधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
बैठक में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।


