न्यूज 127, मेरठ (जोजो) :
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। जनपद मेरठ में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदाता बिना किसी भय या बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
मतदान केंद्र पर तैनाती
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले में कुल 107 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जिनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 77 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 30 बूथ शामिल हैं। सभी मतदान केंद्रों की संवेदनशील प्रकृति को ध्यान रखते हुए व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है। हर केंद्र पर पर्याप्त संख्या में सिविल पुलिस के साथ-साथ पिकेट्स और सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहेंगे।
अधिकारियों की निगरानी और जोनल व्यवस्था
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को जोनल और सेक्टरों में विभाजित किया गया है। कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एडीएम (Additional District Magistrate) और एसपी (Superintendent of Police) स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट पूरी चुनाव प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और सोशल मीडिया पर पहरा
मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद सभी मतपेटी (बैलट बॉक्स) को कड़ी सुरक्षा के बीच सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित जमा कराया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान त्रि-स्तरीय सुरक्षा चक्र मौजूद रहेगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान माहौल खराब करने या सोशल मीडिया के माध्यम से किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की सोशल मीडिया सेल पैनी नजर रख रही है। अफवाह फैलाने वालों या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


