न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार में भगत सिंह चौक के समीप कूड़े के ढेर में करीब सात दिन की नवजात बच्ची मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कूड़े के बीच पड़ी मासूम के रोने की आवाज सुनकर राहगीर ठिठक गए। पास जाकर देखा तो बच्ची रोती-बिलखती मिली। नवजात को इस हालत में छोड़ने की घटना से लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। राहगीरों ने नजदीक जाकर देखा तो वहां नवजात बच्ची पड़ी थी। इसी दौरान समाजसेवी वंदना गुप्ता ने मानवता का परिचय देते हुए बच्ची को गोद में उठाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है। समय रहते बच्ची के मिलने से उसे उपचार उपलब्ध कराया जा सका। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि बच्ची की उम्र करीब सात दिन बताई जा रही है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस बच्ची के माता-पिता की पहचान करने और उसे कूड़े के ढेर में छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कूड़े के ढेर में नवजात बच्ची मिलने की इस घटना ने एक बार फिर संवेदनशीलता और मानवीय जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम को इस हालत में छोड़ने के पीछे की वजह का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।


