लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और पिछले साल भारतीय जनता पार्टी की महिला शाखा की अध्यक्ष नियुक्त की गईं स्वाति सिंह ने लखनऊ के सरोजनी नगर विधानसभा सीट से 34,047 वोट से जीत दर्ज की है। इस सीट पर स्वाति सिंह का मुकाबला मुलायम सिंह के भतीजे अनुराग यादव से था। अनुराग यादव को 74,129 वोट मिले। वहीं, स्वाति सिंह को कुल 1,08,176 वोट मिले। इतनी बड़ी जीत के बाद स्वाति सिंह ने राजधानी के आशियाना क्षेत्र के जग्दम्बेश्वर शिव मंदिर में माथा टेका।
स्वाति सिंह चर्चा में उस वक़्त आई थीं, जब उनके पति और बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे दयाशंकर सिंह ने मायावती के खिलाफ विवादित बयान दिया था। दयाशंकर सिंह के इस बयान पर पार्टी बैकफुट पर आ गई और दयाशंकर सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। भरपाई करने के लिए बीजेपी ने स्वाति सिंह को पहले तो महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाया और बाद में ऐन वक़्त पर लखनऊ की सरोजिनीनगर सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया।