कर्तव्य पथ पर अपना बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को पुष्प चक्र अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जनपद हरिद्वार की पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर एक भव्य और गरिमामयी श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए हरिद्वार पुलिस के सभी जवान एक मंच पर एकत्रित हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में देश की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर जवानों को नमन किया गया।

समारोह की शुरुआत में पिछले एक वर्ष के दौरान देश भर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस कर्मियों के नामों का उच्चारण किया गया। इसके उपरांत, एसएसपी नवनीत सिंह ने सबसे पहले शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि दी। उनके बाद जनपद के अन्य सभी पुलिस अधिकारियों ने क्रमवार शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र और फूल भेंट कर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम के अंत में सेरिमोनियल गार्द द्वारा शहीद हुए जवानों को शोक सलामी दी गई, जिसमें उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शहीदों के सम्मान में अपने सिर झुकाए।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने कहा कि शहीदों का यह सर्वोच्च बलिदान हमें राष्ट्र सेवा, राष्ट्रीय एकता और समाज में सौहार्द बनाए रखने का दृढ़ संकल्प दिलाता है। उन्होंने कहा कि हमारे इन वीर जवानों की शौर्य गाथाएं और अदम्य साहस आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करती रहेंगी। कार्यक्रम में जनपद के तमाम पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।