देहरादून
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के पदों की संख्या 526 से बढ़ाकर 2000 किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से 1474 पद समायोजित किए जाने का प्रस्ताव है। इस निर्णय से प्रदेश की जनपदीय पुलिस में महिला आरक्षियों के लिए सेवा के अवसर बढ़ाने का रास्ता साफ होगा।
प्रस्ताव के अनुसार, पदों की संख्या बढ़ाने के लिए कुल स्वीकृत पदों में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी और न ही अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में सहमति देते हुए वर्तमान में कार्यरत 1210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन तथा भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव प्रस्तुत करने की शर्त रखी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद अब महिला आरक्षियों के पदों के पुनर्निर्धारण और अधिसंख्य कर्मचारियों के समायोजन की दिशा में आगे की प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही, महिला पुलिस कर्मियों के लिए भविष्य में पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य महिला पुलिस कर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।


