न्यूज 127. हरिद्वार।
लक्सर पुलिस ने भोगपुर क्षेत्र में हुए मंदिर के सेवादार के चर्चित ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर यह खुलासा किया।
जानकारी के मुताबिक 12 अप्रैल को मंदिर में कार्यरत बुजुर्ग सेवादार राजवीर की सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी गई थी। साथ ही आसपास के मंदिरों से एम्प्लीफायर और इन्वर्टर चोरी होने की घटनाएं भी सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी और मैनुअल दोनों तरीकों से जांच को आगे बढ़ाया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह चोरी का सामान लेने और क्षेत्र से फरार होने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपित की पहचान विशाल चौधरी उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ का निवासी है और पेशे से ड्राइवर है।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह चोरी के इरादे से मंदिर में घुसा था। 11 अप्रैल की रात शराब के नशे में उसने पेचकस और हथौड़ा लेकर मंदिर का ताला तोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान बाहर सो रहे बुजुर्ग सेवादार की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से आरोपित ने उनके सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने मंदिर से नकदी, इन्वर्टर और पास के मंदिर से एम्प्लीफायर चोरी कर लिया।
आरोपी ने ये भी बताया कि चोरी किया सामान वहीं आस-पास छुपाकर वापस चुपचाप अपनी मौसी के घर जा कर सो गया। सुबह जब चारों तरफ पुलिस की गतिविधिया व सतर्कता को दिखी तो वह डर के मारे बिना चोरी के सामान के सुबह मुजफ्फरनगर चला गया। कल वह उक्त सामान को लेने के लिए आज टांडा भागमल क्षेत्र में आया था जहाँ सामान के साथ पुलिस टीम के हत्थे चढ़ गया।
बेहद कम समय में वास्तविकता को सामने लाकर ब्लाइन्ड हत्या का खुलासा कर हत्यारोपी को गिरफ्तार करने पर क्षेत्रीय जनता द्वारा एसएसपी नवनीत सिंह व हरिद्वार पुलिस की मेहनती कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।




