नैनीताल पुलिस का ऑपरेशन प्रहार: 66 लाख की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार








Listen to this article


युवाओं को नशे के जाल से बचाने में नैनीताल पुलिस की बड़ी कामयाबी
नैनीताल/हल्द्वानी
नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि नशा तस्करों के खिलाफ उसकी मुहिम सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि एक सख्त संकल्प है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चल रही लगातार कार्रवाई में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद की है। यह कार्रवाई न सिर्फ कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम है, बल्कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने की एक निर्णायक पहल भी मानी जा रही है।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशों पर देवभूमि को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ नैनीताल पुलिस कार्य कर रही है। इसी क्रम में एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान भोटिया पड़ाव क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी में उसके पास से 221 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही 14,520 नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अल्मोड़ा जिले का निवासी है और वर्तमान में हल्द्वानी में रह रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में लिप्त रहा है, जिससे उसके संगठित नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका और मजबूत हो जाती है।
इसी क्रम में पुलिस ने अन्य स्थानों पर भी कार्रवाई करते हुए दो और तस्करों को दबोचा। राजपुरा क्षेत्र से गुलशन (28 वर्ष) को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि वनभूलपुरा में मेराज अली (45 वर्ष) को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। मेराज अली का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है, जिससे यह साफ होता है कि वह लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था।
बताते चले कि एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशों का पालन करते हुए नैनीताल पुलिस अब नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के नेतृत्व में चल रहा यह अभियान जिले में नशे के खिलाफ एक मजबूत दीवार बनता नजर आ रहा है। पुलिस टीम की इस उल्लेखनीय सफलता पर एसएसपी ने उन्हें 1500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित कर हौसला बढ़ाया है।
पुलिस टीम (मुख्य कार्रवाई):
उप निरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह रौतेला, हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, कांस्टेबल भानु प्रताप औली, कांस्टेबल अशोक सिंह रावत, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह जेष्ठा (एसओजी) एवं महिला कांस्टेबल भावना जोशी (कोतवाली हल्द्वानी)।
अन्य टीमें: उप निरीक्षक कृष्ण गिरी व टीम (राजपुरा), उप निरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल इंदर सिंह, सुनील कुमार, सुच्चा सिंह (वनभूलपुरा)।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि “नशा तस्करों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है”। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।