एसएसपी नवनीत सिंह के कुशल नेतृत्व में अपराधियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 33 पर गैंगस्टर एक्ट








Listen to this article

हरिद्वार।
जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने बीते एक माह के भीतर आदतन अपराधियों, गैंगस्टरों और इनामी बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के कुशल नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत संगठित अपराध पर प्रभावी प्रहार किया गया है।
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले कुल 33 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। वहीं जनपद में सक्रिय 98 आदतन अपराधियों के विरुद्ध गुंडा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की गई है, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
इसके अलावा न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामील के क्रम में पुलिस ने 333 वारंटियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 60 वांछित अपराधियों को भी हिरासत में लेकर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। विशेष रूप से 20 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
हरिद्वार पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि कई सक्रिय गिरोहों के सरगना और उनके सदस्य पुलिस के रडार पर हैं, जिनकी आपराधिक गतिविधियों का गहन विश्लेषण (कुंडली खंगालना) किया जा रहा है। आने वाले समय में इनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने दोहराया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।