प्रतापनगर में कांग्रेस का SIR प्रशिक्षण शिविर संपन्न, BLA-2 को दी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों की जानकारी








Listen to this article

प्रतापनगर (उत्तराखंड), 25 मई 2026।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (उत्तराखंड) द्वारा प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ब्लॉक यूनिट रजाखेत और रामगढ़ के BLA-2 कार्यकर्ताओं के लिए ग्राम खांड धारमंडल में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 54 BLA-2 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इससे पूर्व 20 मई को देवल में भी प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा चुका है।

कार्यक्रम में प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, मास्टर ट्रेनर शांति प्रसाद भट्ट, विधानसभा ट्रेनर लखवीर सिंह चौहान, संगठन सृजन प्रभारी मुन्नी बिष्ट एवं शक्ति प्रसाद जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने BLA-2 कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ स्तर पर पारदर्शिता और सक्रियता के साथ कार्य करने तथा नए मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल और जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि BLA-2 कांग्रेस पार्टी की रीढ़ हैं और आगामी 8 जून से 15 सितंबर तक चलने वाले अभियान में उनकी भूमिका अत्यंत अहम होगी। उन्होंने सभी को सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मास्टर ट्रेनर शांति प्रसाद भट्ट और ट्रेनर लखवीर सिंह चौहान ने SIR प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्री-SIR और मुख्य SIR के अंतर, मैप्ड और अनमैप्ड मतदाताओं, प्रोजनी मतदाता, तथा फॉर्म 6, 7, 8 और 8ए सहित अन्य गणना प्रपत्रों को भरने की पूरी प्रक्रिया समझाई।

संगठन सृजन प्रभारी मुन्नी बिष्ट और शक्ति प्रसाद जोशी ने ब्लॉक अध्यक्षों और मंडलम पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां संगठनात्मक नियुक्तियां लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए ताकि संगठन का कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।

इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग किया गया।