मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता और समयबद्धता पर आयुक्त दीपक रावत ने दिया जोर








Listen to this article

न्यूज 127, अल्मोड़ा।
कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने प्रक्रिया को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, अब तक की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं के सत्यापन, आवश्यक अभिलेखों की जांच और विसंगतियों के निराकरण की प्रक्रिया से भी प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदेय स्थलवार आलेख निर्वाचक नामावली, ड्राफ्ट सर्विस वोटर सूची तथा मतदेय स्थलवार सूचियों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे सूची का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव तथा दावे-आपत्तियां प्रस्तुत कर सकें। आयुक्त दीपक रावत ने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया का आधार है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो और किसी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही प्राप्त दावे और आपत्तियों का नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।