न्यूज 127, मसूरी।
हरेला पर्व के अवसर पर मसूरी स्थित भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने की, जबकि टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के निर्माण का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प भी है। सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का दायित्व निभाना चाहिए।
आईटीबीपी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सहभागिता की। अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति आईटीबीपी की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए भी बल निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आईटीबीपी के अधिकारियों एवं जवानों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।




