पथ प्रवाह, देहरादून।
देहरादून–मसूरी रोड पर लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा के मद्देनज़र इस महत्वपूर्ण मार्ग को अग्रिम आदेशों तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों ने मौके पर बैरिकेडिंग कर दी है और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारियों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्र में कई स्थानों पर मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। साथ ही मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उधर, मार्ग को जल्द से जल्द खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें निगरानी में जुटी हैं। स्थिति सामान्य होने के बाद ही यातायात बहाल करने का निर्णय लिया जाएगा।




