26 मदरसों को मिली मान्यता, आधुनिक शिक्षा से ही संवरेंगे बच्चों के भविष्य: धामी










Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को आईआरडीटी सभागार में आयोजित अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान मान्यता प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में प्रदेश के 26 अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को मान्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की थीम ‘नई पहचान, नया सम्मान, आधुनिक शिक्षा से उज्ज्वल भविष्य’ रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की यह पहल बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परंपराओं का अपना महत्व है, लेकिन वर्तमान समय ज्ञान-विज्ञान, तकनीक, नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का है। बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक, आधुनिक और रोजगारपरक शिक्षा देना जरूरी है।

सभी वर्गों को समान अवसर
धामी ने कहा कि सरकार की नीतियां किसी वर्ग को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि सभी को समान अवसर देने के उद्देश्य से हैं। समान नागरिक संहिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अपेक्षा की कि आधुनिक शिक्षा और नई तकनीक का लाभ बच्चों तक पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और क्षमता होती है। शिक्षकों और संस्थानों की जिम्मेदारी है कि उन्हें पहचानकर सही दिशा दी जाए। शिक्षा के माध्यम से बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासनिक अधिकारी सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मान्यता प्राप्त संस्थानों में शिक्षा व्यवस्था का वास्तविक बदलाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना भेदभाव पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास, प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते सहित अधिकारी और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।