न्यूज 127, हरिद्वार।
हरिद्वार के कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवती को जबरन होटल ले जाकर मारपीट और दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को वादी ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर दी थी। आरोप था कि आरोपी उनकी पुत्री को जबरन होटल ले गया, जहां उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और दुष्कर्म किया गया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक ज्योति नेगी को सौंपी थी।
घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार उसके ठिकानों पर दबिश दी। इसी कड़ी में 15 सितंबर 2026 को विवेचक ज्योति नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोबारा आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां वह मिल गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निखिल (पुत्र मांगे राम, निवासी ग्राम झीबरहेड़ी, जयन्तीपुर, थाना बिहारीगढ़, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ज्योति नेगी और कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे।


