अंकिता भंडारी केस में सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से की पूछताछ




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में सीबीआई की टीम ने हरिद्वार में ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर से करीब तीन घंटे पूछताछ की। मामले में सीबीआई की जांच जारी है। पूछताछ के बाद सुरेश राठौर ने कहा कि जांच चल रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।

अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड में लंबे समय से न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग उठती रही है। सीबीआई की ओर से पूर्व विधायक से की गई पूछताछ को मामले की जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

हालांकि, पूछताछ के दौरान किन बिंदुओं पर सवाल किए गए और पूर्व विधायक ने क्या जवाब दिए, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पूछताछ अपने आप में किसी व्यक्ति के दोषी होने का प्रमाण नहीं है। मामले में जांच एजेंसी की आधिकारिक जानकारी के बाद ही कार्रवाई की प्रकृति और उसके निष्कर्षों की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

पूछताछ के बाद मीडिया के सामने आए पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने कहा कि उन्होंने सीबीआई के सामने पूरी बात रखी है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा और अभी भी कर रहे हैं। उर्मिला सनावर के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं कुछ नहीं कहता कि उर्मिला कौन है, कौन नहीं।