सिडकुल में डेंसो चौक के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
सिडकुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार दोपहर डेंसो चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब युवक एक ढाबे से बाइक पर खाना लेकर फैक्ट्री में पहुंचाने जा रहा था। रास्ते में एक ट्रक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वासु (निवासी: बिजनौर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह सिडकुल क्षेत्र में डेंसो चौक के पास स्थित एक ढाबे पर काम करता था। सोमवार दोपहर जब वह बाइक से खाना डिलीवर करने जा रहा था, तभी वह हादसे का शिकार हो गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सिडकुल थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुआ भयानक हादसा
इस पूरे हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि डेंसो चौक के पास एक ट्रक खड़ा या धीमा होता है, जबकि उसके बगल से दूसरा ट्रक गुजर रहा होता है। इसी दौरान बाइक सवार युवक आगे निकलने के चक्कर में ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश करता है और असंतुलित होकर गुजर रहे ट्रक से जा टकराता है, जिससे वह उसकी चपेट में आ जाता है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने जानकारी दी कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है और नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।