पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद वीर पुलिस कर्मियों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
जनपद मेरठ की रिजर्व पुलिस लाइन में ‘पुलिस स्मृति दिवस-2026’ के अवसर पर एक गरिमामयी श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक पीटीएस मेरठ तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ द्वारा कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह के दौरान गणमान्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए इन वीर जवानों द्वारा दिया गया योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और यह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण भारी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शहीदों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुआ।