न्यूज 127, मेरठ।
विजय दशमी के अवसर पर मंगलवार को मंडलीय खादी महोत्सव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर प्रदर्शनी स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में कलावाटिका डांस एकेडमी के कलाकारों ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान नरसिम्हा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। महोत्सव में भीड़ बढ़ने से स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की भी खूब बिक्री हुई।

उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, मेरठ मंडल की ओर से आयोजित मंडलीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी एवं महोत्सव में मंगलवार शाम छह बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कलाकारों ने विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।

भगवान नरसिम्हा पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित किया। दशहरा के अवसर पर सरकारी अवकाश होने के कारण प्रदर्शनी में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने खादी और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की खरीदारी भी की।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डा. अंजू वारियर और विशिष्ट अतिथि रेनू गुप्ता रहीं। दोनों अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी राजीव भी मौजूद रहे।

स्वदेशी उत्पादों को बाजार देना उद्देश्य
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने बताया कि मंडलीय खादी महोत्सव का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और पारंपरिक कलाओं का संरक्षण करना है। इसके साथ ही आमजन को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है। महोत्सव में आयोजित कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इन उद्देश्यों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।


