न्यूज 127, हरिद्वार।
आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को विश्वप्रसिद्ध हरकी पैड़ी से अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में चले अभियान में श्रीगंगा सभा, नगर निगम और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। अभियान के पहले दिन करीब दो कुंतल सूखा और गीला कूड़ा एकत्र किया गया।
कुंभ मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। इसके तहत गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान सात नवंबर तक संचालित होगा और इसका दायरा शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक रहेगा।
शहर से गांवों तक चलेगा सफाई अभियान
प्रशासन का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना ही नहीं, बल्कि आमजन में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना भी है। गंगा घाटों और धार्मिक स्थलों पर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कुंभ मेले से पहले सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में इस अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, संत समाज, जनप्रतिनिधियों, औद्योगिक इकाइयों और आमजन से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी है। प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण है।
मां गंगा की पवित्रता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि हरिद्वार विश्वप्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिवर्ष देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। ऐसे में गंगा की पवित्रता बनाए रखना और धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में शुरू किया गया यह अभियान सात नवंबर तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने भी धार्मिक संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तीर्थनगरी हरिद्वार की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
पहले दिन एकत्र किया दो कुंतल कूड़ा
नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की ने भी नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम के माध्यम से चलाए जा रहे अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाया जा सकता है। अभियान के दौरान एकत्र किए गए सूखे और गीले कूड़े का कुल वजन करीब दो कुंतल रहा।
स्वच्छता अभियान के शुभारंभ अवसर पर श्रीगंगा सभा के वीरेंद्र कौशिक, अनुराग सरदार, हिमांशु, अनुराग सहित सभा के कर्मचारी, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के पर्यावरण मित्र और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


