कुंभ 2027 के कोर एरिया में दिन-रात चलेगा निर्माण, मेलाधिकारी सोनिका ने बढ़ाई निगरानी




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। गंगा नहर बंदी की अवधि को महत्वपूर्ण मानते हुए हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट और रोड़ी बेलवाला सहित कुंभ क्षेत्र के कोर एरिया में चल रहे निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मेलाधिकारी सोनिका ने स्पष्ट किया कि कार्यों की गति के साथ गुणवत्ता और संसाधनों की उपलब्धता पर भी लगातार नजर रखी जाएगी।

बुधवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नहर बंदी के दौरान घाटों से संबंधित कार्य दिन-रात संचालित किए जाएं। कार्यस्थलों पर पर्याप्त श्रमिक, मशीनें और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के साथ निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए।

कोर एरिया के कार्यों पर विशेष जोर
मेलाधिकारी ने यूआईआईडीबी की हरकी पैड़ी और रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए तेजी लाने को कहा। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि नहर बंदी की अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। सड़कों और पुलों से जुड़े कार्यों में भी तेजी बनाए रखने पर जोर दिया गया।

आई ट्रिपल-सी और अस्थायी कार्यों की भी होगी रोजाना समीक्षा
कुंभ की व्यवस्थाओं के तहत इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई ट्रिपल-सी) के लिए भूमिगत केबल बिछाने के कार्य को भी प्राथमिकता दी गई है। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थायी निर्माण कार्यों की तरह अस्थायी कार्यों और आई ट्रिपल-सी से जुड़े कार्यों की भी प्रतिदिन समीक्षा की जाए। किसी भी कार्यस्थल पर श्रमिकों या संसाधनों की कमी के कारण काम प्रभावित नहीं होना चाहिए।

गुणवत्ता जांच और स्थलीय निरीक्षण के निर्देश
मेलाधिकारी ने मेला प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। तृतीय पक्ष गुणवत्ता जांच एजेंसी को भी निरंतर निरीक्षण एवं परीक्षण करने को कहा गया है। जहां कार्यों की गति धीमी मिले या संसाधनों की कमी सामने आए, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार, सीओ कुंभ उमेश मलिक, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।