केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने निरामयम् का किया उद्घाटन




Listen to this article

केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने रविवार को योगग्राम के नये योग-प्राकृत-पंचकर्म चिकित्सा प्रकल्प ‘निरामयम् का उद्घाटन किया। निरामयम् चिकित्सा केन्द्र स्थित प्राकृत-पंचकर्म-चिकित्सा केन्द्र, मड थेरेपी कक्ष और योग व यान केन्द्र का भ्रमण करने के बाद वित्त मंत्री ने कहा कि यह दवा और सर्जरी से मुक्ति का केंद्र है। उद्घाटन अवसर पर अरुण जेटली ने कहा कि बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने आज योगग्राम में एक नई सुविधा शुरू की है। दुनिया के विकसित देशों में इस प्रकार की चिकित्सा सेवाएं बहुत अधिक खर्च पर प्रदान की जा रही हैं। योगग्राम की चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से लोगों को महंगी दवाओं तथा शल्य चिकित्सा से निजात मिलेगी। यहां हर प्रकार के धनवान और निर्धन लोग चिकित्सा सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में निरामयम् एक बहुत बड़ी चिकित्सा सुविधा के रूप में विकसित होगा। इसका लाभ देश ही नहीं विदेश के रोगियों को भी मिलेगा। इस दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि निस्वार्थ भाव से लोगों को चिकित्सा सेवायें उपलब्ध कराना ही निरामयम् का उद्देश्य है। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि योगग्राम में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार देश के हर वर्ग के लोगों के लिए उपहार है। यहां देश-विदेश के लोगों को न्यूनतम मूल्यों पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविाधाओं का लाभ मिल सकेगा।